Tuesday, October 20th, 2026

टीएमसी सांसद नुसरत जहां कोरोना से संक्रमित नहीं हैं, बताया क्यों हैं वह चुनावी रैलियों से दूर

कोलकाता
तृणमूल कांग्रेस और बंगाल की मशहूर ऐक्ट्रेस नुसरत जहां को लेकर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वह कोरोना संक्रमित हैं। इसी वजह से वह इन दिनों टीएमसी की चुनावी रैलियों से भी दूर हैं। हालांकि खुद ऐक्ट्रेस ने इन दावों का खंडन करते हुए कहा है कि वह कोरोना से संक्रमित नहीं हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका कोरोना टेस्ट भी नहीं हुआ है और न ही डॉक्टर ने इसके लिए सलाह दी है। नुसरत ने एक समाचार वेबसाइट से बातचीत में बताया कि उन्हें सिर्फ वायरल फीवर था और डॉक्टर ने उन्हें इसकी दवा भी दी थी। उन्होंने यह भी कहा कि डॉक्टर ने भी उन्हें कोरोना के टेस्ट के लिए अभी नहीं बोला है। नुसरत ने आगे कहा कि अगर वह कोरोना से संक्रमित होती तो खुद की इसकी जानकारी देती।

रविवार को नुसरत की रैलियां हुईं कैंसल
दरअसल बंगाल चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है और अब सभी दल इन दिनों मैराथन रैलियां कर रही हैं। इसी सिलसिले में रविवार को उत्तर 24 परगना जिले की तीन जगह पर नुसरत की रैली होनी थी। हालांकि बुखार के चलते ऐन मौके पर नुसरत कार्यक्रम में नहीं आ सकीं और एहतियातन उनके कई कार्यक्रम रद्द कर दिए गए थे।

ममता के लिए सोशल मीडिया पर किया प्रचार
नुसरत जहां सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर काफी सक्रिय रहती हैं। रविवार को उन्होंने ट्विटर या इंस्टाग्राम पर कुछ भी शेयर नहीं किया था। शनिवार को उन्होंने 'बंगलार गोरबो ममता' के तहत बंगाल के लोगों से ममता बनर्जी को वोट देने की अपील की थी।

'टीएमसी की वफादार योद्धा हूं'
पिछले कई दिनों से नुसरत जहां को लेकर काफी कयास लगाए जा रहे थे। पिछले दिनों उनके करीबी दोस्त और बंगाली ऐक्टर यश दासगुप्ता बीजेपी में शामिल हुए थे। इसके बाद नुसरत जहां से मामले में टिप्पणी मांगी गई तो उन्होंने कहा था कि वह टीएमसी की वफादार योद्धा हैं और अपनी पार्टी के लिए काम करती रहेंगी। बता दें कि नुसरत जहां बशीरहाट से सांसद हैं।

 

#टीएमसी सांसद नुसरत जहां

Source : Agency

पाठको की राय